जिले में समाज कल्याण योजनाओं से संवर रहा बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों का जीवन

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्गों के धार्मिक स्थलों के दर्शन का सपना हो रहा साकार

सामाजिक सुरक्षा पेंशन से 1.07 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिल रहा आर्थिक संबल

रायगढ़, 23 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंदों, वरिष्ठ नागरिकों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं से जहां बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार हो रहा है, वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के माध्यम से 1 लाख 7 हजार 742 हितग्राहियों को आर्थिक सहायता मिल रही है। साथ ही, सुविधाजनक भुगतान व्यवस्था से बुजुर्गों को राहत पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से पूरा हो रहा बुजुर्गों का सपना

आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई वरिष्ठ नागरिक जीवनभर प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन नहीं कर पाते। ऐसे लोगों की इच्छा पूरी करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों के साथ विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं को भी तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। योजना के तहत रायगढ़ जिले के 273 तीर्थयात्रियों को विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से मथुरा, वृंदावन और कृष्ण जन्मभूमि की यात्रा कराई गई। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 205 और शहरी क्षेत्र के 68 यात्री शामिल थे। इसी क्रम में जिले के 273 तीर्थयात्रियों के दूसरे जत्थे को शिरडी, शनि शिंगणापुर और र्त्यंबकेश्वर के दर्शन के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया।

नियमों में बदलाव से विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं को मिला अवसर

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के संशोधित नियमों के तहत विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं के लिए आयु सीमा की बाध्यता समाप्त की गई है। इससे ऐसी महिलाओं को भी तीर्थ यात्रा का अवसर मिला है, जो पहले निर्धारित आयु सीमा के कारण योजना का लाभ नहीं ले पाती थीं। रायगढ़ जिले की 31 विधवा और 2 परित्यक्त महिलाओं ने पहली बार इस योजना के तहत तीर्थ यात्रा की। यह पहल महिलाओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर देने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा दे रही है।

पेंशन योजनाओं से 1,07,742 हितग्राहियों को आर्थिक संबल

समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम और राज्य पोषित योजनाओं के अंतर्गत वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जिले में इन योजनाओं के तहत कुल 1,07,742 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 29,758 हितग्राहियों को 60 से 79 वर्ष की आयु में 500 रुपये तथा 80 वर्ष या उससे अधिक आयु में 650 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। विधवा पेंशन योजना के तहत 10,091 और राष्ट्रीय निःशक्त पेंशन योजना के तहत 1,196 हितग्राहियों को 500 रुपये प्रतिमाह की सहायता मिल रही है।
इसी तरह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 20,657, सुखद सहारा योजना के तहत 7,660 और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत 38,080 हितग्राहियों को प्रतिमाह 500 रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत पात्र परिवारों को परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की जाती है। जिले में इस योजना के अंतर्गत 300 हितग्राही लाभान्वित हैं। इन योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता हितग्राहियों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह राशि आर्थिक सहारा प्रदान करती है और उनके जीवन-यापन में राहत पहुंचाती है।

वृद्धाश्रम पहुंचकर किया जा रहा पेंशन का भुगतान

समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक आसानी से पहुंचाने के लिए रायगढ़ स्थित वृद्धाश्रम में विशेष व्यवस्था की गई है। यहां रहने वाले बुजुर्गों को पेंशन निकालने के लिए बैंक जाने और लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिली है। कॉमन सर्विस सेंटर प्रबंधक एवं वीएलई प्रत्येक माह वृद्धाश्रम पहुंचकर बायोमेट्रिक और आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से बुजुर्गों को पेंशन राशि का भुगतान करते हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धाश्रम में ही पेंशन मिल जाती है और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ती। यह व्यवस्था तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने का उदाहरण है। विशेष रूप से उन बुजुर्गों के लिए यह सुविधा उपयोगी है, जिन्हें शारीरिक परेशानी या अन्य कारणों से बैंक तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

सामाजिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन पर जोर

समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री शिवशंकर पांडेय ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों की धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर देती है, जबकि पेंशन योजनाएं नियमित आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं। वृद्धाश्रम में सीधे पेंशन भुगतान की व्यवस्था से हितग्राहियों को सुविधाजनक तरीके से योजनाओं का लाभ मिल रहा है। समाज कल्याण विभाग की इन पहलों का उद्देश्य जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक सहारा देने के साथ उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाना है।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *