जंगली सूअर के अवेध शिकार का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ / ग्राम तिलगा में वन विभाग के उड़नदस्ते ने जंगली सूअर के अवैध शिकार और मांस की बिक्री के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 30 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस, वजन करने का तराजू, एक चाकू और दो धारदार कुल्हाड़ियां जब्त की हैं। वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस की बिक्री की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर निगरानी की जा रही थी। ग्राम तिलगा में जंगली सूअर के शिकार और मांस की बिक्री की सूचना मिलने पर उड़नदस्ते की टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मांस और शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। मामले में बालाराम राठिया और दीनबंधु राठिया, दोनों निवासी ग्राम तिलगा, तथा कार्तिक विश्वकर्मा निवासी ग्राम बेहरपाली को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग अब उक्त मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। जल्द और भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *