खरसिया में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित  चिन्हाकंन एवं परीक्षण शिविर में 98 का हुआ पंजीयन

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 200 लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026/ समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर को जनपद पंचायत खरसिया में यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) कार्ड प्रमाणीकरण, चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 98 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जनपद पंचायत खरसिया श्रीमती रामकुमारी दिलीप राठिया, जनपद उपाध्यक्ष श्री हितेश गवेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों के पंजीयन, पहचान एवं प्रमाणीकरण के साथ उन्हें विभागीय सुविधाओं और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसी दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *