दीपावली पर्व से पहले महिलाओं के खातों में आई महतारी वंदन योजना की राशि

महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार, त्योहार की तैयारियों के लिए मिली आर्थिक मदद

रायगढ़, 6 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना ने जिले की महिलाओं के लिए दीपावली त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा योजना की 33वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में अंतरित किए जाने से उन्हें दीपावली की तैयारियों के लिए आर्थिक सहारा मिला है। समय पर मिली इस राशि से महिलाएं अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाने की तैयारी कर रही हैं।
ग्राम ननसिया की श्रीमती दुर्गा चक्रपाणी बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से उन्हें हर महीने नियमित रूप से एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हो रही है। यह राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार साबित हो रही है। इस बार दीपावली से पहले 33वीं किस्त मिलने से खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि वे इस राशि का उपयोग दीपावली के लिए दीये, पूजन सामग्री और मिठाइयां खरीदने सहित त्योहार की अन्य आवश्यक तैयारियों में कर रही है।
उनका कहना है कि योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सहायता राशि बिना किसी परेशानी के सीधे बैंक खाते में पहुंच जाती है। इससे उन्हें राशि प्राप्त करने के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ता और वे अपनी जरूरत के अनुसार इसका उपयोग कर पाती हैं। हर महीने मिलने वाली यह आर्थिक सहायता परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहयोगी बन रही है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले खाते में राशि पहुंचने पर दुर्गा चक्रपाणी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करने का अवसर भी दे रही है।
महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। पात्र महिला हितग्राहियों के लिए यह सहायता केवल एक हजार रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी जरूरतें पूरी करने, परिवार की खुशियों में सहभागी बनने और त्योहार को अपने सामर्थ्य के अनुसार उत्साह से मनाने का भरोसा भी है। इस दीपावली दुर्गा के घर जलने वाले दीयों के साथ महतारी वंदन योजना से मिली सहायता भी उनके जीवन में खुशियों का उजाला बिखेर रही है।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *