0बारिश के पानी की सुगम निकासी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशन में शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम आवागमन के साथ व्यवस्थित जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कार्यालय और अस्पताल के बीच बनेगी 6 मीटर चौड़ी सड़क
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सबसे पहले नगर निगम कार्यालय और अस्पताल के बीच से गुजरने वाले मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने यहां तत्काल 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण प्रारंभ कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि इस मार्ग से आवागमन करने वाले नागरिकों को सुविधा मिल सके।
गद्दी चौक से अग्रसेन चौक तक नाली निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
इसके पश्चात अधिकारियों ने गद्दी चौक से नगर निगम कार्यालय होते हुए अग्रसेन चौक तक बाईं ओर प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि नाली निर्माण इस तरह से किया जाए कि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
नाली निर्माण से सड़क की चौड़ाई में होगी लगभग 2 मीटर की वृद्धि
कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने पुराने आरपीएफ पोस्ट से शनि मंदिर मोड़ तक निर्माणाधीन नाली का भी निरीक्षण किया। इस नाली के निर्माण से संबंधित मार्ग की चौड़ाई में लगभग 2 मीटर की वृद्धि होगी, जिससे सड़क पर आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
20 दिनों में पूरे होंगे तीनों प्रमुख नाली निर्माण कार्य
शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिहाज से इन तीनों नाली निर्माण कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आगामी 20 दिनों के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इन नालियों के माध्यम से शहर के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से का वर्षा जल निकास होता है। निर्माण कार्य पूर्ण होने से बारिश के पानी की निकासी अधिक व्यवस्थित एवं सुगम होगी। साथ ही इन कार्यों के पूरा होने के बाद ड्रेन-टू-ड्रेन बीटी सड़क निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होगा, जिससे शहर की सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता श्री अमरेश लोहिया, उप अभियंता श्री सौरभ आलोक साहू, श्री मुन्ना ओझा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
RAIGARHNovember 21, 2026महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
RAIGARHNovember 21, 2026वार्ड क्रमांक 21 में 93 लाख रुपये की लागत से बनेंगे दो बड़े नाले, जल भराव की समस्या से मिलेगी मुक्ति
RAIGARHNovember 21, 2026रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार
RAIGARHNovember 21, 2026जिला स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ के युवाओं ने दिखाई प्रतिभा,विभिन्न विधाओं में विजेताओं का हुआ चयन
