पुसौर के मेधावी विद्यार्थी ने किया प्रतिष्ठित उच्च शैक्षणिक संस्थाओं का भ्रमण

आईआईएम, आईआईआईटी, एचएनएलयू, एम्स और नालंदा परिसर का किया अवलोकन

लगभग 100 विद्यार्थियों ने जाना उच्च शिक्षा, प्रवेश प्रक्रिया और करियर के अवसरों के बारे में

रायगढ़, 21 नवम्बर 2026/ विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करने, उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसरों से परिचित कराने तथा भविष्य में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के उद्देश्य से विकासखण्ड पुसौर के मेधावी विद्यार्थियों एवं जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 100 प्रतिभावान विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रतिष्ठित उच्च शैक्षणिक संस्थानों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराते हुए वहां की शैक्षणिक व्यवस्था, अध्ययन सुविधाओं और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नया रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) तथा रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और नालंदा परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन पद्धति, आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतिष्ठित संस्थानों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों के लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने संस्थानों की शैक्षणिक सुविधाओं, पुस्तकालयों, तकनीकी संसाधनों और अध्ययन वातावरण को करीब से देखा। जिन संस्थानों के बारे में विद्यार्थी अब तक पुस्तकों और इंटरनेट के माध्यम से जानकारी प्राप्त करते थे, उन्हें सामने देखकर उनके मन में उच्च शिक्षा के प्रति नई उत्सुकता और आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर दिया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के माध्यम से वे भी देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।

अधिकारियों एवं शिक्षकों का रहा मार्गदर्शन

शैक्षिक भ्रमण में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी रुद्र प्रताप एक्का, व्याख्याता भागीरथी प्रधान, सीएसी अनिल पंडा, पीटीआई सुमन पात्रे एवं अक्षय सतपथी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। इनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्थानों का भ्रमण किया। पुसौर विकासखण्ड के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण ज्ञान, अनुभव और प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर बना।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *