विद्यार्थियों को अपराधों,महिला उत्पीड़न और नशे की दुष्परिणानों के प्रति किया जागरूक

किरोड़ीमल पॉलिटेक्निक कॉलेज में अंतर्विभागीय समन्वय समिति ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम

बाल विवाह, सामाजिक कुरीतियों और मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की दी गई समझाइश, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

रायगढ़, 21 नवम्बर 2026/ शासकीय किरोड़ीमल पॉलिटेक्निक कॉलेज, रायगढ़ में जिला अंतर्विभागीय समन्वय समिति द्वारा शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी देते हुए जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग से एएसआई श्रीमती सरस्वती महापात्रे एवं श्रीमती प्रमिला दास ने विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की समझाइश दी। उन्होंने महिलाओं के साथ होने वाले धोखाधड़ी एवं अन्य अपराधों की जानकारी देते हुए ऐसे मामलों से बचने के लिए सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती चैताली राय एवं श्रीमती सुनीता खरे ने महिला उत्पीड़न से जुड़े विषयों पर प्रकाश डालते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा विभाग से श्री अभय पांडे ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और इस कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग देने का आग्रह किया। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. जावेद एवं डॉ. सुमित कुमार ने तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों और बीमारियों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *