धान खरीदी केन्द्रो का नियमित निरीक्षण, किसाने की सुविधा और सुचारू खरीदी पर विशेष जोर

जिले में अब तक 511 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी, 18 नवंबर के लिए 10 केंद्रों में 61 किसानों ने कटाया टोकन

रायगढ़, 17 नवम्बर 2026/ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर अधिकारी विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में आज एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कापू तहसील के धान खरीदी केंद्र कापू एवं लिप्ती का निरीक्षण किया। उन्होंने धरमजयगढ़ स्थित धान संग्रहण केंद्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। अब तक जिले में 100 किसानों से 500 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 18 नवंबर को धान विक्रय के लिए जिले के 10 उपार्जन केंद्रों में 61 किसानों ने टोकन कटाया है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है। किसान गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे टोकन के लिए सोसायटियों में लंबी कतार लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और किसानों के समय एवं श्रम की बचत होती है।
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में किसानों की जोत के अनुसार टोकन की सुविधा निर्धारित की गई है। दो एकड़ तक के किसानों को एक, दो एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम दो तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिल सकते हैं। किसान अपनी सुविधा और उपलब्ध धान की मात्रा के अनुसार टोकन में मात्रा दर्ज कर सकते हैं। यदि किसी टोकन में किसान अपनी पूरी पात्र मात्रा का धान नहीं बेच पाता है, तो शेष पात्रता समाप्त नहीं होगी। वह अगले टोकन में शेष धान का विक्रय कर सकेगा।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *