खरसिया में बाइपास सड़क और रेलवे ओवरब्रिज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

बायपास की तकनीकी बाधाएं जल्द दूर कर निर्माण शुरू करने और रेलवे ओवरब्रिज का काम आगामी वर्षा ऋतु से पहले पूरा करने के निर्देश

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026/ जिले में सड़क और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने खरसिया क्षेत्र में प्रस्तावित बायपास सड़क और निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने बायपास निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र दूर कर निर्माण कार्य शुरू कराने तथा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण गुणवत्ता के साथ आगामी वर्षा ऋतु से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

बायपास बनने से शहर में यातायात का दबाव होगा कम

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा के अंतर्गत खरसिया में बायपास क्रमांक-3 के तहत कबीर चौक से डभरा रोड तक लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाना है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सड़क किनारे स्थित नहर का अवलोकन किया और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से तकनीकी बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने तथा आवश्यक प्रक्रियाए पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। बायपास सड़क बनने से शहर के भीतर से गुजरने वाले सैकड़ों भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही, आवागमन अधिक सुगम होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

रेलवे ओवरब्रिज का काम तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर खरसिया यार्ड के पास किलोमीटर 620/13-15 स्थित लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 313 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और आगामी वर्षा ऋतु से पहले निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। लगभग 64.95 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस रेलवे ओवरब्रिज के तैयार होने से रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान वाहनों को होने वाली प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। वर्तमान में ट्रेनों के आवागमन के समय फाटक बंद होने से सड़क यातायात प्रभावित होता है। ओवरब्रिज बनने से वाहन चालकों का समय बचेगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दोनो कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री प्रवीण भगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *