धान खरीदी से पहले पटवारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, गिरदावरी का काम प्रभावित

रायगढ़,छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही पटवारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है। PV ऐप के माध्यम से गिरदावरी कराए जाने के विरोध सहित वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति की मांग को लेकर पटवारी संघ ने आंदोलन शुरू किया है। पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी से पहले होने वाली गिरदावरी की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।पटवारी संघ का कहना है कि पहले DCS के माध्यम से गिरदावरी की जाती थी, लेकिन अब PV ऐप से यह काम कराया जा रहा है। पटवारियों के मुताबिक, 19 सितंबर को राज्य सरकार ने PV ऐप का विमोचन किया था, लेकिन इसके बाद पटवारियों को ऐप के इस्तेमाल के लिए कोई प्रशिक्षण नहीं दिया गया।प्रशासन की ओर से पहले 30 सितंबर तक गिरदावरी पूरी करने की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। इसके बाद अब अंतिम समय-सीमा बढ़ाकर 20 अक्टूबर कर दी गई है। पटवारियों का कहना है कि PV ऐप के माध्यम से खेत के चारों कोनों से फोटो खींचकर सत्यापन करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में एक खेत का सत्यापन करने में ही घंटों लग रहे हैं, जिससे काम करना मुश्किल हो रहा है।पटवारी संघ का विरोध केवल PV ऐप तक सीमित नहीं है। संघ लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति की मांग भी उठा रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के 256 पटवारी हड़ताल पर हैं, जबकि पूरे छत्तीसगढ़ में 5 हजार से अधिक पटवारियों के आंदोलन में शामिल होने की बात कही जा रही है। धान खरीदी का सीजन नजदीक होने के कारण इस हड़ताल का असर गिरदावरी और आगे की प्रशासनिक तैयारियों पर पड़ सकता है।
पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं करती है, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। अब देखना होगा कि सरकार और पटवारी संघ के बीच गतिरोध कब समाप्त होता है और गिरदावरी का काम समय पर पूरा हो पाता है या नहीं।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *