गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान महापौर, सभापति एवं कमिश्नर ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया श्रमदान कॉलेज परिसर से लेकर गर्ल्स एवं ओल्ड हॉस्टल तक हुई सफाई


रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम द्वारा शहर के सार्वजनिक एवं शैक्षणिक परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए कॉलेज के मुख्य गेट से लेकर मैदान परिसर, गर्ल्स हॉस्टल के सामने तथा ओल्ड हॉस्टल परिसर तक सफाई की।
अभियान की शुरुआत परिसर में बिखरे खाद्य सामग्री के पैकेट, सिंगल यूज प्लास्टिक, दोना-पत्तल, कागज, प्लास्टिक की बोतलें एवं अन्य कचरे को एकत्र करने से हुई। इसके बाद घास कटर मशीन के माध्यम से परिसर में उगी अनावश्यक घास, खरपतवार, बेशरम एवं अन्य झाड़ियों की कटाई कर सफाई की गई। लंबे समय से परिसर में जमा अनावश्यक झाड़ियों एवं झाड़-झंखाड़ की भी सफाई की गई, जिससे परिसर का स्वरूप अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आया।
गर्ल्स हॉस्टल के सामने कीचड़युक्त एवं असमतल क्षेत्र की हुई सफाई
अभियान के दौरान गर्ल्स हॉस्टल के सामने उगी गाजर घास, खरपतवार एवं झाड़ियों को हटाया गया। झाड़ियों के नीचे जमा कीचड़युक्त भूमि की जेसीबी के माध्यम से सफाई की गई तथा भूमि को समतल किया गया। लंबे समय से उपेक्षित इस क्षेत्र की सफाई होने से हॉस्टल के सामने का परिसर अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाया गया।
जनप्रतिनिधियों ने औजार उठाकर किया श्रमदान
सेवा ही संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी का संदेश देते हुए महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एमआईसी सदस्य श्री पंकज कंकरवाल, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद श्रीमती ज्योति यादव, , वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद श्रीमती अन्नू सारथी तथा वार्ड क्रमांक 39 की पार्षद श्रीमती संगीता मुक्कू यादव ने स्वयं रांपा, तसला एवं झाड़ी काटने के औजार लेकर सफाई कार्य में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों ने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं सफाई अमले के साथ पूरे परिसर की सफाई में सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्वच्छ रायगढ़ के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आसपास के नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा निगम के अभियान में सहयोग करने की अपील की।

सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा—स्वच्छता केवल अभियान नहीं, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है
सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जनजीवन का हिस्सा बनाना है। शैक्षणिक संस्थान समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव के केंद्र होते हैं। गर्ल्स डिग्री कॉलेज में चलाया गया यह अभियान विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। निगम का सफाई अमला लगातार अपना कार्य कर रहा है, लेकिन जब तक नागरिक स्वयं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्थायी स्वच्छता संभव नहीं है।
श्री साहू ने कहा कि हम जिस परिसर को साफ करते हैं, उसे दोबारा गंदा न होने देना ही वास्तविक स्वच्छता है। लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से विशेष रूप से अपील की कि वे स्वच्छता के संदेश को अपने घर और आसपास के समाज तक पहुंचाएं तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
कमिश्नर ने कहा—सफाई के बाद स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी
कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में कचरा हटाने के साथ घास एवं झाड़ियों की कटाई, झाड़-झंखाड़ की सफाई तथा गर्ल्स हॉस्टल के सामने कीचड़युक्त एवं असमतल भूमि को जेसीबी से साफ कर समतल किया गया।
उन्होंने कहा कि किसी स्थान की सफाई करने के साथ उसे स्वच्छ बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से परिसर में कचरा न फैलाने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई अमला एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *