‘आंगन मिलन सेवा’ में साझा कर रहे हितग्राही अपना अनुभव हर महा मिलने वाली एक हजार की राशि दीपा के लिए बना रही आर्थिक संबल

रायगढ़, 26 सितम्बर 2026/ शासन की योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो उसका असर घर की छोटी-छोटी जरूरतों से लेकर आत्मविश्वास तक दिखाई देता है। सेवा संकल्प अभियान के ‘आंगन मिलन सेवा’ में हितग्राही अपने अनुभव साझा करते हुए बता रहे हैं कि किस तरह शासन की योजनाएं उनके जीवन को आसान बना रही हैं।
महतारी वंदन योजना से लाभान्वित विकासखंड धरमजयगढ़ के बाईसी कॉलोनी ढाडीपारा निवासी श्रीमती दीपा मंडल के लिए हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि ऐसा ही आर्थिक सहारा बनी है, जिससे वे अपनी जरूरत की चीजें अब स्वयं खरीद पा रही हैं। दीपा मंडल बताती हैं कि योजना के तहत मिलने वाली राशि से वे घर-गृहस्थी की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करती हैं। अपनी जरूरत के अनुसार सामान खरीदने के लिए अब उन्हें किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उनके लिए यह राशि आर्थिक मदद के साथ अपने फैसले स्वयं लेने का आत्मविश्वास भी दे रही है।

शासन के प्रति जताया आभार

महतारी वंदन योजना से मिल रहे इस आर्थिक संबल के लिए दीपा मंडल ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि महिलाओं को हर माह मिलने वाली यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी है। इससे वे अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं और परिवार की छोटी-छोटी आवश्यकताओं में भी अपना योगदान दे रही हैं। सेवा संकल्प अभियान का ‘आंगन मिलन सेवा’ इसी उद्देश्य के साथ हितग्राहियों से संवाद कर रहा है, ताकि शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आ रहे बदलाव और उनके अनुभव सामने आ सकें।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में मनाया जा रहा आंगन मिलन सेवा

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बच्चों और समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में ‘मेरी पौष्टिक थाली’ और पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जा रहा है। स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, बच्चों की खेल गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता से ‘न्योता भोज’ का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाएं अपने अनुभव साझा कर रही है। पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जा रहा है।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *