कोतरारोड पुलिस की अवैध  शराब पर एक और बड़ी कार्रवाई, ग्राम कलमी में 105 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

🚨 ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की लगातार कार्रवाई, 10,500 रुपये की महुआ शराब जब्त, आरोपी को भेजा गया जेल*12 नवंबर, रायगढ़* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कलमी में अवैध महुआ शराब की खेप पकड़ी है। थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर बिक्री के लिए रखी गई 105 लीटर महुआ शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 11.11.2026 को कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया अपने घर के पीछे बाड़ी में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम *सुशांतो डहरिया पिता भगवानों डहरिया, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कलमी, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़* बताया। शराब रखने के संबंध में पूछताछ करने पर पहले वह आनाकानी करता रहा, बाद में अपने घर की बाड़ी में छिपाकर रखे गए 15-15 लीटर क्षमता वाले सात प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 105 लीटर महुआ शराब पुलिस के समक्ष पेश की। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में 10,500 रुपये कीमत की अवैध महुआ शराब जब्त की। आरोपी सुशांतो डहरिया के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक बंशी रात्रे, मनोज कुमार यादव एवं महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *