मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना हो रहा साकार, रायगढ़ से 23 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना

अमृतसर, स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर और बाघा बॉर्डर के करेंगे दर्शन

रायगढ़, 10 नवम्बर 2026/ शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए तीर्थ दर्शन करने का सपना साकार हो रहा है। इसी कड़ी में आज रायगढ़ जिले के 23 तीर्थयात्रियों का जत्था अमृतसर, स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर और बाघा बॉर्डर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। सुबह 7 बजे बस के माध्यम से सभी यात्रियों को उसलापुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया, जहां से वे आगे की यात्रा पूरी करेंगे। इस दौरान यात्रियों में तीर्थ दर्शन को लेकर खासा उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। सभी श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के दर्शन को लेकर उत्साहित नजर आए।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत शासन द्वारा यात्रियों के लिए भोजन, आवास और यात्रा की समुचित व्यवस्था की गई है। इस योजना से वरिष्ठ नागरिकों के साथ विधवा, परित्यक्त महिलाओं एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण जिन तीर्थस्थलों की यात्रा करना संभव नहीं हो पाता था, वहां अब शासन की सहायता से दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह योजना उनके लिए बेहद सुखद और यादगार अनुभव साबित हो रही है। तीर्थयात्रियों को उपसंचालक समाज कल्याण श्री शिवशंकर पाण्डेय एवं विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति में रवाना किया गया।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *