केलो डेम लूटपाट मामले में फरार आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तार, लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त

🚨 केलो डेम लूटपाट मामले में फरार आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तार, लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त

🚨 पूर्व में दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जा चुके हैं रिमांड पर, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी *रायगढ़, दिनांक 21 अक्टूबर 2026* । केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी रामकुमार मेहता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था तथा उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड निकाल दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा हुआ आईफोन तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

11 अक्टूबर की शाम केलो डेम के पास हुई थी लूटपाट मामले में प्रार्थी सानू सारथी, पिता सोहन सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने के लिए निकले, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और महिला मित्र के साथ वहां घूमने को लेकर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी मोबाइल तथा उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी फेंककर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026, धारा 115(2), 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तेज की कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने सीएसपी श्री राहुल उईके एवं कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत एवं पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रार्थी, पीड़ित एवं गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए की जानकारी जुटाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोहेल अंसारी, पिता मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार, पिता मिथलेस भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली (बिहार), हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद प्रार्थी से कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई।

लगातार ठिकाने बदल रहा था फरार आरोपी मामले में शामिल तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था तथा अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड निकाल दिया था। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के ग्राम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना पर मुखबिरों को सक्रिय कर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान *रामकुमार मेहता, पिता रामचन्दर मेहता, उम्र 24 वर्ष, निवासी उधमपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल (बिहार), हाल मुकाम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़* के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान संबंधी कार्रवाई प्रार्थी सानू सारथी से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई।

लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्तपूछताछ में आरोपी रामकुमार मेहता ने अपने साथियों सोहेल अंसारी, रणवीर कुमार भगत एवं एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से पीड़ित युवक का लूटा हुआ आईफोन 12 तथा अपराध में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की गई है। आरोपी ने पीड़ित युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल अपने फरार साथी के पास होना बताया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की पतासाजी जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा एवं मुरली मनोहर पटेल की अहम भूमिका रही।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *