राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन कांकेर का दबदबा, बास्केटबॉल और फुटबॉल में जीता खिताब

टेबल टेनिस में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने एकल और युगल वर्ग में जीते स्वर्ण पदक, योग और शतरंज में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का 29 अक्टूबर को होगा समापन

रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026/ घरघोड़ा विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबले हुए। आठ क्लस्टरों के लगभग 515 बालक खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन टेबल टेनिस, शतरंज, योग, खो-खो, फुटबॉल और बास्केटबॉल सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।

टेबल टेनिस में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण

टेबल टेनिस के अंडर-19 बालक एकल वर्ग में रायगढ़ के विनय कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के दीपक कुमार सरुता दूसरे और बलरामपुर के अनोष कुजूर तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 युगल वर्ग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के दीपक कुमार सरुता और शशांक पैंकरा की जोड़ी विजेता बनी। बस्तर के राहुल और अर्जुन दूसरे तथा रायगढ़ के कन्हैया राठिया और विनय कुमार की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही।
अंडर-14 एकल वर्ग में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने स्वर्ण पदक जीता। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा दूसरे और सरगुजा के रूपेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 युगल वर्ग में रायगढ़ के सागर ध्रुव और तुषारांशु ध्रुव की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। बलरामपुर के गुरु गोविंद सिंह और चंद्रशेखर दूसरे तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा और आदित्य कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

बास्केटबॉल और फुटबॉल में कांकेर बना विजेता

टीम स्पर्धाओं में कांकेर क्लस्टर ने शानदार प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल में कांकेर ने पहला, बस्तर ने दूसरा और बलरामपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में भी कांकेर क्लस्टर विजेता रहा। बलरामपुर दूसरे और सुकमा तीसरे स्थान पर रहे। खो-खो प्रतियोगिता में कांकेर क्लस्टर ने पहला स्थान हासिल किया। धमतरी दूसरे और बलरामपुर तीसरे स्थान पर रहे।

शतरंज में मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के खिलाड़ियों का प्रदर्शन

शतरंज के अंडर-14 बालक वर्ग में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो प्रथम, धमतरी क्लस्टर के भोरिंग विद्यालय के कुणाल ठाकुर द्वितीय और कांकेर क्लस्टर के अंतागढ़ विद्यालय के तामेश्वर कोरेटी तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्लस्टर के एकलव्य विद्यालय छुरीकला के नारद सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। कांकेर क्लस्टर के अंतागढ़ विद्यालय के साहिल कुमार नरेटी दूसरे और धमतरी क्लस्टर के मैनपुर विद्यालय के येसुर्या धु्रवा तीसरे स्थान पर रहे।

योग की विभिन्न स्पर्धाओं में सरगुजा क्लस्टर का शानदार प्रदर्शन

योग की आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा के अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के आशीष कुमार और प्रिंस खलखो की जोड़ी प्रथम रही। कांकेर क्लस्टर के अभिनव नेताम और आदित्य नेताम दूसरे तथा बस्तर क्लस्टर के मयंक मौर्य और युगल धु्रव तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 आर्टिस्टिक पेयर वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के सुकराम और प्रियांजल की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। सुकमा के विकास और हिमांशु दूसरे तथा धमतरी के योगेंद्र और राहुल तीसरे स्थान पर रहे। रिदमिक योग के अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के आशीष कुमार, एवं प्रिंस खलखो की टीम प्रथम रही। बस्तर क्लस्टर के मयंक मौर्य, युगल ध्रुव और भूपेंद्र पोयाम की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-19 रिदमिक योग में भी सरगुजा क्लस्टर ने पहला स्थान हासिल किया। सुकराम, प्रियांजल और तनवीर की टीम विजेता बनी। धमतरी के दिवास भोई, राहुल बारिहा और योगेंद्र कंवर की टीम दूसरे तथा सुकमा के वारे राम, विकास कुमार और हिमांशु की टीम तीसरे स्थान पर रही।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्लस्टरों के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीराम जांगड़े के मार्गदर्शन में आयोजन का संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर पीईटी शिक्षक श्री एस.एक्का, श्री स्वराज कुमार सिंह, श्री घनश्याम लखेरा, श्री अनुराग शर्मा सहित एस्कॉर्ट शिक्षक, तकनीकी अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन में सहयोग कर रहे हैं। यह आयोजन जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहा है। प्रतियोगिता का समापन 29 अक्टूबर को होगा।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *