“ऑपरेशन संवेदना ” के तहत कोतवाली पुलिस की त्वरित  कार्रवाई,लापता 13 वर्षीय बालिका को सकुशल ढूंढ निकाला

🚨 बालिका की 6 माह पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी आरोपित युवक से दोस्ती, युवक ने शादी का प्रलोभन देकर बालिका को भगा ले गया

🚨 बालिका को रायगढ़ से ट्रेन में बैठाकर डोंगरगढ़ ले गया था आरोपी, गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा *रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में गुम बालक-बालिकाओं की पतासाजी एवं महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ पुलिस ने लापता 13 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को थाना पुसौर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि उसकी बेटी रायगढ़ में अपने परिचित के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। दिनांक 20 अक्टूबर 2026 की सुबह बालिका बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 617/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने बालिका के परिजनों एवं सहेलियों से पूछताछ की तथा उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम लगातार बालिका की पतासाजी में जुटी रही। बालिका और संदेही युवक के लगातार स्थान बदलने के कारण तलाश में कठिनाई आ रही थी। इसी बीच दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ आने पर पुलिस ने बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बालिका का कथन दर्ज कराया गया। बालिका ने बताया कि करीब छह माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत (18 वर्ष), निवासी भांठापारा, निपनिया से हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। बालिका के कथन के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात युवक रायगढ़ आया और अगले दिन 20 अक्टूबर की सुबह उसे रेलवे स्टेशन के पास बुलाकर ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया। वहां से वह उसे अपने दोस्त के घर ले गया, जहां चार दिनों तक रखकर शादी का प्रलोभन दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बालिका का कथन, मेडिकल कराकर प्रकरण में धारा 87. 65 (1) बीएनएस एवं 06 पाक्सो एक्ट जोड़ी गई है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है। अभियान संवेदना में महिला/नाबालिग संबंधी अपराध में संवेदनशीलता दिखते हुए त्वरित कार्रवाई अपराध विवेचना में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक विेजय एक्का तथा हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है ।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश *“गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल बरामदगी और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें और सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क के मामलों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”*

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *