केलो डेम लूटकांड का चौथा आरोपी गिरफ्तार, युवती से लूटा गया मोबाइल बरामद

🚨 कोतवाली पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त मोटर सायकल और मोबाइल भी किया जप्त, भेजा रिमांड पर *रायगढ़, 27 अक्टूबर* । केलो डेम के पास युवक और युवती से मारपीट कर मोबाइल एवं नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार चौथे आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम (20 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लुक-छिप रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित युवती का लूटा हुआ मोटोरोला मोबाइल, अपराध में प्रयुक्त उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में शामिल सभी चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई पूरी कर ली है। मामले के अनुसार, प्रार्थी सानू सारथी, पिता सोहन सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और महिला मित्र के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, उसका आईफोन 12 मिनी मोबाइल तथा उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी फेंककर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026, धारा 115(2), 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उईके एवं कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत एवं पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, पीड़ित एवं गवाहों से पूछताछ की और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोहेल अंसारी (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार (22 वर्ष), निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली (बिहार), हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद प्रार्थी से कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता (24 वर्ष), निवासी उधमपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल (बिहार), हाल मुकाम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पीड़ित युवक का लूटा हुआ आईफोन 12 तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की गई। पूछताछ में रामकुमार मेहता ने युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल अपने फरार साथी मोहम्मद मोफिद आलम के पास होना बताया। फरार आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम उर्दना-रायगढ़ मार्ग स्थित एक गैरेज में पंचर बनाने का काम करता था। वह वारदात के बाद से दुकान और घर से गायब था। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने उसकी पतासाजी के लिए मुखबिर तैनात किए थे। इसी दौरान आरोपी के दुकान पर दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान संबंधी कार्रवाई के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पीड़ित युवती का लूटा हुआ मोटोरोला मोबाइल, अपराध में प्रयुक्त उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा उसका मोबाइल फोन जब्त किया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी *मोहम्मद मोफिद आलम पिता मो. महमुद आलम उम्र 20 साल निवासी राजीवनगर मिट्ठूमुडा थाना जूटमिल रायगढ़* को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा एवं मुरली मनोहर पटेल की अहम भूमिका रही।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश *“अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।”*

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *