“अभियान संवेदना “के तहत घरघोड़ा  पुलिस की कार्यवाही शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार

🚨 स्नैपचैट के जरिए हुई थी दोनों की पहचान, शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

🚨 आरोपित ने लगभग ₹4.50 लाख लेने की युवती कीशिकायत, शादी से इनकार करने पर थाने पहुंची पीड़िता

🚨 दुष्कर्म के अपराध में घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा *रायगढ़, 25 अक्टूबर* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी की पहचान पंकज चौहान (21 वर्ष), निवासी ग्राम अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक आईफोन मोबाइल भी जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को 23 वर्षीय पीड़िता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि 22 अक्टूबर 2025 को स्नैपचैट के माध्यम से उसकी पहचान पंकज चौहान से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और मुलाकातें भी होने लगीं। पीड़िता के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसे फोन कर प्रेम करने और शादी करने का भरोसा दिलाया तथा अपने घर ग्राम अमलीडीह बुलाया। वहां आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इसी तरह कई बार शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अलग-अलग समय पर उससे लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये भी लिए। पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2026 में आवश्यकता पड़ने पर जब उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे और शादी करने के लिए कहा, तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया तथा शादी करने से भी मना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 320/2026, धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पंकज चौहान को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल पेश किया, जिसे विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश *“महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। पीड़िताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”*

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *