जिला अस्पताल के निर्माण कार्य में सुस्ती पर कलेक्टर सख्त,ठेकेदार को 15 दिन का अल्टीमेटम, अपेक्षित प्रगति नहीं आई तो होगी कार्यवाही

गायनिक वार्ड-ऑपरेशन थिएटर के काम में तेजी के निर्देश, एक सप्ताह में शुरू होगी केजीएच फार्मेसी

रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गायनिक वार्ड और ऑपरेशन थिएटर के लिए किए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पर्याप्त मानव संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने तथा 15 दिवस के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों को जून माह तक पूर्ण किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के बाद भी कार्य पूरा नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित विभाग को ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक सप्ताह में शुरू होगी केजीएच फार्मेसी

कलेक्टर ने केजीएच फार्मेसी का भी अवलोकन किया। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर एक सप्ताह के भीतर फार्मेसी शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को अस्पताल परिसर में ही आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हो सकें।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *