जिलेभर में जारी है आंगन मिलन सेवा, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता के साथ बढ़ रही जंग जनभागीदारी आंगनबाड़ी केदो में महिलाएं अपनी कहानी अपनी जुबानी के माध्यम से साझा कर रही अनुभव

रायगढ़, 29 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ शासकीय योजनाओं की जानकारी देने और आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय की भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में 28 सितम्बर को जिले के लात, छाल, बाजारपारा गेरसा, खम्हार, नवाडीह, आड़पथरा, टेमटेमा, सेन्द्रीपाली, महापल्ली, विश्वनाथपाली, कुंधरीपारा, राबो सहित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोषण थाली एवं व्यंजन प्रदर्शनी, अन्नप्राशन, गोदभराई, महिलाओं की कुर्सी दौड़, मेहंदी प्रतियोगिता, मुनगा पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच तथा पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने ‘अपनी कहानी, अपनी जुबानी’ के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने योजना से मिले लाभ की जानकारी साझा करते हुए अपने अनुभव बताए।
धरमजयगढ़ विकासखण्ड के लात, छाल, और बाजारपारा गेरसा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल, जिला पंचायत की स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति श्रीमती सुषमा खलखो, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी राठिया, जनपद पंचायत धरमजयगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती लिनव बिरजू राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपस्थित महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म कराई गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुनगा पौधरोपण के माध्यम से पोषण के साथ हरियाली और घरेलू स्तर पर उपयोगी पौधों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी पूनम मित्तल, पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *