जारिता लैतफलांग आज रायगढ़ में, कांग्रेस के ‘वोट बचाओ- देश बचाओ मार्च’ का करेगी नेतृत्व

लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत कांग्रेस का बड़ा आयोजन, विधायक उमेश पटेल, लालजीत राठिया और विद्यावती सिदार भी होंगे शामिल

रायगढ़। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत आयोजित “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी एवं एआईसीसी सचिव जरिता लैतफलांग मंगलवार को रायगढ़ पहुंचेंगी। उनके रायगढ़ प्रवास को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके नेतृत्व और उपस्थिति में कांग्रेस जिले में लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा का संदेश देगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव करेंगे। जरिता लैतफलांग के साथ पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश नंदकुमार पटेल, धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया तथा लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पहले प्रेस वार्ता, फिर निकलेगा मार्च
जरिता लैतफलांग मंगलवार को दोपहर 12 बजे रायगढ़ कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे कांग्रेस भवन से “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से कांग्रेस द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा।
जरिता के दौरे को लेकर कांग्रेस में उत्साह
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी के रायगढ़ आगमन को लेकर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में विशेष उत्साह है। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, प्रदेश प्रतिनिधियों, विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, पार्षदों सहित सभी जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने का आह्वान किया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता के विश्वास की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता का सार्वजनिक संदेश है। जरिता लैतफलांग की मौजूदगी से रायगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रदेश स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *