वृद्ध महिला के घर घुसकर मारपीट कर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार खरसिया पुलिस ने किया वारदात का खुलासा

🚨 वृद्ध महिला के घर घुसकर मारपीट कर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खरसिया पुलिस ने किया वारदात का खुलासा

🚨 घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय महिला से लूटे थे सोने-चांदी और नकदी रूपये, आरोपी के कब्जे से नकदी, वारदात में प्रयुक्त बाइक, हथौड़ी और डंडा बरामद

🚨 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर*रायगढ़, 5 नवंबर* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में खरसिया पुलिस ने वृद्ध महिला के घर में घुसकर मारपीट करते हुए सोने-चांदी एवं नकदी लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय महिला के सुनेपन को भांप कर उसे निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी, बांस का डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। शेष लूटी गई नकदी एवं जेवरात की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा तलाश की गई, लेकिन आरोपी के बताए गए स्थान पर मशरूका की बरामदगी नहीं हुई ।

क्या है पूरा मामला दिनांक 01 नवंबर 2026 को ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू पति स्वर्गीय धर्मेंद्र साहू, उम्र 62 वर्ष, अपने दोनों बेटों एवं बहू के साथ थाना खरसिया पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। रात्रि करीब 1:30 बजे अचानक नींद खुलने पर उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर एवं दोनों हाथों पर वार कर चोट पहुंचाई और आलमारी एवं संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी एवं 2 तोला सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 570/2026 धारा 309(6), 331(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग, पुलिस ने आरोपी को दबोचा मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को तत्काल आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के यहां ग्राम बोरदी से आए नागेश गवेल का हुलिया संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने तत्काल संदेही नागेश कुमार गवेल की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी ने वृद्ध महिला के घर में घुसकर लूटपाट करना स्वीकार कर लिया।

उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना, विरोध करने पर वृद्ध महिला को पीटा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के यहां 4,500 रुपये की उधारी मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया। इसके बाद मेन रोड सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी एवं पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुसा और हथौड़ी से आलमारी एवं संदूक तोड़कर नकदी तथा जेवरात निकालने लगा। इसी दौरान संदूक की आवाज से महिला जाग गई और आरोपी को पकड़ने का प्रयास करते हुए विरोध किया। तब आरोपी ने हाथ में रखे बांस के डंडे से महिला के सिर एवं दोनों हाथों पर वार किया और नकदी एवं जेवरात लेकर अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर हथौड़ी, डंडा और बाइक बरामद आरोपी नागेश कुमार गवेल के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं हथौड़ी को बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से बरामद किया। वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई। आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये नकद, 2 तोला सोना एवं 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास पेड़ के समीप छिपाना बताया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर मौके पर तलाश की गई, लेकिन उक्त संपत्ति बरामद नहीं हो सकी। *आरोपी नागेश कुमार गवेल पिता प्रमोद कुमार गवेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बड़े बोरदी (गाँड़ बोरदी), थाना खरसिया, जिला रायगढ़* की कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष पीड़िता से पहचान कार्यवाही कराई गई। इसके बाद गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत दिनांक 04 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

सराहनीय भूमिका

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के सुपरविजन में आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, महेंद्र खरे, आरक्षक विशोष सिंह एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश *“बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। खरसिया पुलिस ने गंभीर घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। जिले में अपराधियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”*

Author Profile

EDITOR-PRAMOD YADAV
EDITOR-PRAMOD YADAV

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *