राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से किया आत्मीय संवाद, पारंपरिक कला की बारीकियों और उनके अनुभवों की ली जानकारी
रायगढ़, 18 नवम्बर 2026/ रायगढ़ जिले की पारंपरिक एकताल झारा बेलमेटल शिल्पकला ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान राष्ट्रपति भवन में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ग्राम एकताल के 13 शिल्पकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से भेंट कर उनकी पारंपरिक कला, कलाकृतियों के निर्माण की बारीकियों और शिल्प से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली। शिल्पकारों ने भी अपनी कला की विशेषताओं और पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाने के प्रयासों को राष्ट्रपति के समक्ष साझा किया। राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान रायगढ़ जिले की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, रायगढ़ के सहायक प्रबंधक श्री आर.आर. भगत के नेतृत्व में पांच महिला और आठ पुरुष शिल्पकारों का दल 13 नवंबर की शाम बस से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। 16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान शिल्पकारों ने एकताल की प्रसिद्ध झारा बेलमेटल कला की पारंपरिक निर्माण तकनीक, धातु को आकार देने की प्रक्रिया और कलाकृतियों की विशिष्टताओं के बारे में विस्तार से बताया। राष्ट्रपति ने उनके अनुभवों को जाना और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्प विधाओं की सराहना की।
‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए भी चयनित हुई थी एकताल की कला
रायगढ़ जिले का ग्राम एकताल अपनी विशिष्ट झारा बेलमेटल शिल्पकला के लिए जाना जाता है। यहां के शिल्पकार पारंपरिक तकनीक से धातु की आकर्षक और कलात्मक आकृतियां तैयार करते हैं। इसी विशिष्टता के चलते एकताल की बेलमेटल शिल्पकला का राष्ट्रपति भवन के विशेष ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए चयन किया गया था। इससे पहले 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली में तैयार किए गए निमंत्रण बॉक्स में भी ग्राम एकताल के शिल्पकारों की कलाकृतियों को स्थान मिला था। यहां के शिल्पकारों को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
पीढ़ियों से संजोई कला को मिला राष्ट्रीय मंच
एकताल की झारा बेलमेटल शिल्पकला केवल कलात्मक अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक विरासत और शिल्पकार परिवारों की पीढ़ियों की साधना का भी प्रतीक है। पारंपरिक विधियों से तैयार की जाने वाली इन कलाकृतियों में स्थानीय संस्कृति और शिल्प कौशल की झलक दिखाई देती है। राष्ट्रपति भवन में शिल्पकारों को मिला सम्मान इस विरासत को व्यापक पहचान देने के साथ नई पीढ़ी को इस कला से जुड़ने के लिए प्रेरित करने वाला अवसर है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले शिल्पकारों में श्री धनीराम झारा, श्री भीम झारा, श्री रघु झारा, श्री राज झारा, श्रीमती ममता झारा, श्रीमती पूजा झारा, श्री केशव झारा, श्रीमती रमोला झारा, श्रीमती पंकजीनी झारा, श्री प्रदीप झारा, श्री त्रिनाथ झारा, श्रीमती पिंकी झारा तथा श्री अभिमन्यु झारा शामिल रहे।
Author Profile

Latest entries
RAIGARHNovember 19, 2026ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का भड़ाफोड़
RAIGARHNovember 19, 2026मामूली विवाद में पति ने बांस के डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, कापू पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
RAIGARHNovember 18, 2026स्वास्थ्य शिविर में नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं की दी गई जानकारी
RAIGARHNovember 18, 2026अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 66.80 क्लिटन धान जप्त
