राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के संचालक ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से किया संवाद, कल्याणकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों की दी जानकारी
रायगढ़, 17 नवम्बर 2026/ शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के शहादत दिवस के परिप्रेक्ष्य में राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़ के संचालक कमोडोर अजय सिंह बिसेन की अध्यक्षता में पूर्व सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में आयोजित इस सम्मेलन में रायगढ़ एवं सारंगढ़ जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, आश्रितों एवं शहीद परिवारों के साथ संवाद किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के संचालक कमोडोर अजय सिंह बिसेन ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी पात्र पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए उपलब्ध है। उन्होंने योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए सभी पूर्व सैनिकों से सैनिक कल्याण कार्यालय के नियमित संपर्क में रहने तथा व्हाट्सएप के माध्यम से भी जुड़े रहने का आग्रह किया, ताकि नई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा कर्मचारी चयन आयोग का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से पूर्व सैनिक बेहतर रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सशस्त्र सेना झंडा दिवस में भी सभी से बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़-ओडिशा सब एरिया रायपुर के कमांडर ब्रिगेडियर आर. शंकर ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी वेटरन्स डे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सैनिक परिवारों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरिशचन्द्र तिवारी ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की कार्यप्रणाली, रूपरेखा एवं वर्तमान में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के माध्यम से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को सैनिक कल्याण योजनाओं, रोजगार के अवसरों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में कर्नल मनीष पाण्डेय, कर्नल प्रवीण तेवतिया उपस्थित रहे। सम्मेलन में एनसीसी बटालियन के 26 कैडेट्स सहित 75 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारी शामिल हुए।
Author Profile

Latest entries
RAIGARHNovember 20, 20263 दिसंबर को मनाया जाएगा अंतराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस,खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन
RAIGARHNovember 20, 2026अटल आरोग्य लैब से 32 हजार से अधिक मरीजों को मिला लाभ, 134 प्रकार की जांच सहित ग्रामीण स्वास्थ्य केंन्द्रो तक पहुंच रही आधुनिक सुविधा
RAIGARHNovember 20, 2026अवैध धन भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की बड़ी निगरानी, जिले में अब तक 01हजार 876 क्विंटल धान जप्त
RAIGARHNovember 20, 2026पुसौर में विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
